फर्रुखाबाद:विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विकास भवन में कार्यक्रम आयोजित, शहीदों और विस्थापितों के संघर्ष को किया गया याद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अगस्त 2026 विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाजन के दौरान हुई त्रासदी, विस्थापन और जनसामान्य द्वारा झेली गई पीड़ा की स्मृतियों को याद करते हुए उस दौर में अपने प्राण गंवाने वाले लोगों के संघर्ष और त्याग को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं अन्य लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रमों तथा स्मृतियों को जाना।

इस अवसर पर विभाजन विभीषिका से संबंधित डॉक्युमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक देखा। डॉक्युमेंट्री के माध्यम से विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई कठिनाइयों, विस्थापन और मानवीय पीड़ा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में लखनऊ से मा0 मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार श्री योगी आदित्यनाथ जी के लाइव प्रसारण को भी उपस्थित लोगों द्वारा सुना गया। मुख्यमंत्री के संबोधन के माध्यम से विभाजन की त्रासदी से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को संरक्षित रखने तथा नई पीढ़ी को उस दौर के संघर्ष और पीड़ा से अवगत कराने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण ने विभाजन की त्रासदी और उसके दूरगामी दुष्परिणामों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद करना इतिहास के उस अध्याय को समझने के साथ-साथ भावी पीढ़ी को मानवीय मूल्यों, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने के लिए भी आवश्यक है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभाजन विभीषिका से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा भावी पीढ़ी को उस दौर के संघर्ष, विस्थापन और पीड़ा से अवगत कराना रहा। उपस्थित लोगों ने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले एवं विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले सभी लोगों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

Leave a Comment