फर्रुखाबाद:हर घर तिरंगा अभियान के तहत महिलाओं ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अगस्त 2026 हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित अभिमान प्रेरणा संकुल समिति ढिलावल एवं आकाश प्रेरणा संकुल समिति चांदपुर, विकासखंड बढ़पुर के संयुक्त तत्वावधान में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में लगभग 300 समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पंडाबाग से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए स्वराज कुटीर, फर्रुखाबाद पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान समूह की महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, देशभक्ति तथा ग्रामीण आजीविका समूहों से जुड़ने के लाभ से संबंधित नारे लगाए। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

यात्रा में ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला मिशन प्रबंधक श्री अवनीश कुमार, डॉ. महेंद्र कुमार नामदेव, आकाश सीएलएफ की अध्यक्ष गुंजन सिंह, अभिमान सीएलएफ की अध्यक्ष श्रद्धा दुबे, आजीविका मिशन के रिसोर्स पर्सन श्री सुरेंद्र कुमार पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं शामिल रहीं।

तिरंगा यात्रा का जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। महिलाओं के उत्साह और हाथों में लहराते तिरंगों ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया। यात्रा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता की मजबूत तस्वीर भी प्रस्तुत की।

Leave a Comment