फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2026 भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद में भव्य ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह रहे। उन्होंने रेलवे रोड स्थित पटेल पार्क पहुंचकर तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मधुबन गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह का स्वागत किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री का काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पटेल पार्क पहुंचा।
पटेल पार्क में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कवयित्री डॉ. महादेवी वर्मा एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत उन्होंने तिरंगा यात्रा को रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। यात्रा रेलवे रोड से होते हुए चौक पहुंची और वहां से पैदल कार्यकर्ता लाल गेट की ओर रवाना हुए।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि जनपद के सभी 18 मंडलों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पटेल पार्क से निकाली गई यह यात्रा सभी मंडलों एवं विधानसभाओं की सामूहिक तिरंगा यात्रा थी, जिसमें जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुलदीप भंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौर, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अनुराग दुबे, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बबिता पाठक, विक्रांत तिवारी, राजपूताना ग्रुप चेयरमैन वीरेंद्र सिंह राठौर, डॉ. उदय प्रताप सिंह, नितिन प्रताप सिंह, अनुराग सिंह, सुबोध सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार, आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, भाजपा शिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, अभिषेक बाथम, अभिषेक बाजपेई, धर्मेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
