फर्रुखाबाद:अरुण हुड्डा हत्याकांड में 25 हजार का इनामी आरोपी रंजीत गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2026 थाना कादरीगेट पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त रंजीत पुत्र रघवीर उर्फ लीलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या सहित पूर्व में भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज, कानपुर श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

अरुण हुड्डा की गोली मारकर हत्या का मामला

पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को वादिनी ने थाना कादरीगेट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि क्षेत्र में अभियुक्तों ने उसके पति अरुण हुड्डा की गोली मारकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर थाना कादरीगेट में मु0अ0सं0 183/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले से संबंधित अभियुक्त सोनू उर्फ कर्मवीर पुत्र नरेन्द्र डागर, निवासी ग्राम धतीर, थाना गदपुरी, जिला पलवल (हरियाणा) तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, 3,340 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार बरामद करने का दावा किया था। दोनों को 31 जुलाई को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।

जमीन विवाद के बाद हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रंजीत ने बताया कि रोहित उसका खास दोस्त है और अमित उसका चचेरा भाई है। सोनू से उसकी मुलाकात जेल में हुई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व जमीन की बिक्री को लेकर रोहित और अरुण के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते अरुण द्वारा रोहित से कथित गाली-गलौज किए जाने के बाद दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रंजीत ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि अरुण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी। इसके बाद साथियों को असलहा और रुपये देकर अरुण का पीछा करने के लिए भेजा गया और फर्रुखाबाद पहुंचने के बाद मौका पाकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।

हरियाणा में भी दर्ज है मुकदमा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रंजीत का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कादरीगेट में हत्या से संबंधित वर्तमान मुकदमे के अलावा थाना IMT सदर बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) में भी हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज है।

एसओजी/सर्विलांस टीम ने भी की कार्रवाई

अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कपिल कुमार, कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे। वहीं दूसरी टीम में निरीक्षक संतकुमार, प्रभारी एसओजी/सर्विलांस, मय टीम शामिल रही।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment