फर्रुखाबाद:79वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज: डीएम ने दिए गरिमामय आयोजन और व्यापक स्वच्छता अभियान के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2026 आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और राष्ट्रभक्ति की भावना के अनुरूप आयोजित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराएं।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए प्रत्येक कार्यक्रम अनुशासित, व्यवस्थित और राष्ट्रभावना के अनुरूप आयोजित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रभात फेरी से होगी कार्यक्रमों की शुरुआत

जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 6:30 बजे जनपद के सभी विकास खंडों, तहसील मुख्यालयों और नगर क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जबकि शहरी क्षेत्र में स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम से प्रभात फेरी का आयोजन होगा। प्रभात फेरी मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

फिट इंडिया रन, ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

बैठक में जानकारी दी गई कि सुबह 7 बजे फिट इंडिया रन, 7:30 बजे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता अभियान तथा सुबह 8 बजे सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, विद्यालयों और संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा।

विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, वाद-विवाद, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही वृक्षारोपण अभियान, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, कारागार एवं आश्रय स्थलों में विशेष कार्यक्रम, आंगनबाड़ी केंद्रों पर गतिविधियां तथा स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा।

13 अगस्त तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

जिलाधिकारी ने नगर निकायों, विकास खंडों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि 13 अगस्त तक सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, शहीद स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई, चूना छिड़काव और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाए। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर विद्युत, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment