फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर का बाढ़ नियंत्रण कक्ष और राजस्व अभिलेखागार का औचक निरीक्षण, 24×7 सतर्कता के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2026 जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष एवं राजस्व अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ नियंत्रण कक्ष की संचार व्यवस्था, सूचना संकलन, रजिस्टरों के संधारण तथा तहसीलों एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ संबंधी प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से संकलित कर समय पर प्रेषित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने नियंत्रण कक्ष में तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ पीड़ितों की सूचना मिलते ही संबंधित ग्राम प्रधान, लेखपाल एवं उपजिलाधिकारी से समन्वय कर उन्हें सुरक्षित बाढ़ शरणालय तक पहुंचाया जाए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पशु चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से प्रभावित क्षेत्रों में प्रत्येक तीन दिन के अंतराल पर चिकित्सा शिविर आयोजित कराने तथा बेसिक शिक्षा विभाग के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न होने देने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण कर अभिलेखों के रख-रखाव, संरक्षण एवं रिकॉर्ड प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने महत्वपूर्ण अभिलेखों के डिजिटलीकरण, नियमित साफ-सफाई और सुरक्षित संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि राजस्व अभिलेख शासन एवं आमजन दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनके संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने आरआरके डॉ. रंजना को अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव, अभिलेखागार में नियमित कीटनाशक छिड़काव, निर्धारित शुल्क पर डाक टिकट के माध्यम से अभिलेखों की प्रतियां उपलब्ध कराने तथा अतिरिक्त सुरक्षा के लिए दो होमगार्ड तैनात करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, नायब नाजिर महेंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment