फर्रुखाबाद:झोआ से कटरी तौफीक संपर्क मार्ग पर गंगा का पानी, आवागमन ठप; प्रशासन अलर्ट

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2026 सावन माह में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से शमशाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत झोआ से कटरी तौफीक को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग जलमग्न हो गया है। सड़क पर पानी भर जाने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो दिनों से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते संपर्क मार्ग का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया है। बाइक, साइकिल और पैदल आने-जाने वाले लोगों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ रहा है। वहीं किसानों की फसल तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि ट्रैक्टर और अन्य वाहन खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राजस्व, पुलिस और जल निगम की टीमें मौके पर तैनात हैं तथा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नावों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित आवागमन और राहत उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों के अनुसार राहत एवं निगरानी कार्य लगातार जारी है और बाढ़ की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment