फर्रुखाबाद:लोहिया चिकित्सालय में नया इतिहास, ट्रॉमा सेंटर शुरू, क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पहली सफल सर्जरी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जुलाई 2026 जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय के नेतृत्व और सतत प्रयासों से डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय परिसर में नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर को विधिवत क्रियाशील कर दिया गया। इसके साथ ही ट्रॉमा सेंटर में ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का संचालन भी शुरू हो गया है।

इसी क्रम में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस क्रिटिकल केयर ब्लॉक के ऑपरेशन थिएटर में पहली जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई, जिसे जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

18 वर्षीय युवती की सफल सर्जरी

क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पहला सफल ऑपरेशन हरदोई जनपद के नारायणपुर निवासी 18 वर्षीय राखी का किया गया। वह पिछले करीब तीन वर्षों से सीने में गांठ की समस्या से पीड़ित थी। कई स्थानों पर उपचार कराने के बावजूद राहत नहीं मिलने पर परिजन उसे बेहतर इलाज की उम्मीद में लोहिया चिकित्सालय लेकर पहुंचे।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीज की विस्तृत जांच की। इसके बाद सर्जन डॉ. रोहित तिवारी ने ऑपरेशन का निर्णय लिया और क्रिटिकल केयर ब्लॉक के ऑपरेशन थिएटर में पहली ही सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य बताई गई है और उसका उपचार चिकित्सकीय निगरानी में जारी है।

गंभीर मरीजों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर इलाज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि जनपदवासियों को महानगरों जैसी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। ट्रॉमा सेंटर के संचालन से अब गंभीर और जटिल मरीजों को समय पर इलाज जनपद में ही मिल सकेगा, जिससे बाहर रेफर होने की आवश्यकता काफी कम होगी।

उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर और क्रिटिकल केयर ब्लॉक का संचालन फर्रुखाबाद ही नहीं, बल्कि आसपास के जनपदों के मरीजों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगा।

चिकित्सकीय टीम की सराहना

पहली सफल सर्जरी को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा, सर्जन डॉ. रोहित तिवारी, स्टाफ नर्स अनीता लाल, मेघा, मनोज सहित पूरी चिकित्सकीय टीम ने उत्कृष्ट समन्वय के साथ अंजाम दिया। ऑपरेशन के बाद सीएमओ ने मरीज की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पूरी टीम की कार्यनिष्ठा व समर्पण की सराहना की।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती

ट्रॉमा सेंटर के संचालन और क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पहली सफल सर्जरी के साथ फर्रुखाबाद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है। माना जा रहा है कि इस पहल से जनपद में आपातकालीन और गंभीर चिकित्सा सेवाएं पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और सुलभ होंगी, जिससे हजारों मरीजों को सीधे लाभ मिलेगा।

Leave a Comment