फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2026 जनपद के सांसद मुकेश राजपूत ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को फर्रुखाबाद आगमन के लिए आमंत्रित भी किया।
सांसद मुकेश राजपूत ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के शीघ्र शिलान्यास, जनपद में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए समय और मार्गदर्शन के लिए वे उनके प्रति हृदय से आभारी हैं।
बैठक में फर्रुखाबाद के विकास कार्यों को गति देने, आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर सकारात्मक संवाद हुआ। सांसद ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद को नई विकास योजनाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी सहित जनपद के अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
सांसद मुकेश राजपूत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से फर्रुखाबाद में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की जनता को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
