फर्रुखाबाद की दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल, प्रत्येक विधानसभा में 20 लाभार्थियों का होगा चयन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2026 दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है। इस योजना के तहत जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 20-20 पात्र दिव्यांग छात्राओं का चयन कर उन्हें निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी शिक्षा और आवागमन सुगम हो सके।

योजना का लाभ 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की उन दिव्यांग छात्राओं को मिलेगा, जो किसी स्कूल, कॉलेज अथवा प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हैं। छात्रा की शारीरिक स्थिति ई-ट्राईसाइकिल चलाने के अनुकूल होनी चाहिए तथा उसके पास मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित दिव्यांग प्रमाण पत्र या यूडीआईडी (UDID) कार्ड होना अनिवार्य है।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक छात्राएं आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), मोबाइल नंबर और पासपोर्ट आकार का फोटो लेकर अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन पूरा होने के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, जेएनवी रोड, फतेहगढ़, फर्रुखाबाद में जमा करनी होगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को शैक्षिक पुनर्वास और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 8189038783 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Comment