फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद संगठन के नेतृत्व में सोमवार को किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार यह धरना अनिश्चितकालीन रूप से शुरू किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में किसान सुबह से ही कलेक्ट्रेट पहुंचने लगे।
किसानों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। धरना स्थल पर किसानों ने बिजली, सिंचाई, फसल भुगतान, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, भूमि संबंधी समस्याओं तथा अन्य किसान हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सभा शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद प्रशासन की ओर से वार्ता का प्रस्ताव रखा गया।
इसके बाद भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल नगर मजिस्ट्रेट पारूल तरार से वार्ता के लिए पहुंचा। वार्ता के दौरान किसानों द्वारा 8 जुलाई 2026 को दिए गए मांग पत्र को भी शामिल किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के 15 सूत्रीय राष्ट्रीय मांग पत्र तथा 13 सूत्रीय जिला स्तरीय मांग पत्र पर प्रशासन के साथ विस्तार से चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार वार्ता लंबे समय तक चली और समाचार लिखे जाने तक बातचीत जारी थी। जिलाध्यक्ष अजय कटियार किसानों की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, पूर्व मंडल सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, अशोक यादव, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला सचिव बिजनेस यादव, सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, कायमगंज तहसील अध्यक्ष कश्मीर गंगवार, ब्लॉक अध्यक्ष टिंकू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाकियू टिकैत ने स्पष्ट किया है कि यदि किसानों की मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने का प्रयास किया जा रहा है।
