शिंदे गुट में शामिल होने वाले 6 सांसदों को लेकर संजय राउत का बड़ा दावा

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट के छह बागी सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने के बाद से ही संजय राउत लगातार हमलावर हैं. अब उन्होंने एक बार फिर इन सांसदों पर हमला बोलते हुए प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने दावा किया है कि उनकी सदस्यता रद्द होगी. ये न घर के रहेंगे और न ही घाट के रहेंगे. राउत ने संविधान की दसवीं अनुसूची का भी जिक्र किया और कहा कि कानून में इस तरह के विलय का कोई प्रावधान नहीं है.

शिवसेना के सांसद संजय राउत ने पाला बदलने वाले सांसदों को लेकर कहा, “हम इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. ये जो 6 लोग भागकर चले गए हैं, उनको सर्वाइव करना इतना आसान नहीं है. उनकी सदस्यता रद्द होने वाली है. मेरी बात याद रखिएगा, ये न घर के रहेंगे न घाट के रहेंगे.”

उन्होंने आगे कहा, ”हमने कहा था कि जब तक मूल पार्टी विलय का औपचारिक फैसला नहीं लेती, तब तक इन छह लोगों को लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर विलय की इच्छा जताने का कोई अधिकार नहीं है. कानून में इसका कोई प्रावधान नहीं है. संविधान की दसवीं अनुसूची में ऐसी स्थिति के बारे में कोई मार्गदर्शन नहीं दिया गया है.”

संजय राउत ने अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर एक बार फिर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, ”राम मंदिर की जो लूट हो गई है, हो रही है और होने वाली है, उसके बारे में जागरूकता लाने के लिए हमारा ‘रामरक्षा’ का कार्यक्रम चल रहा है. मुंबई देश की आर्थिक राजधानी और नागपुर देश की उप-राजधानी है. यहां से एक बहुत अच्छा संदेश समाज में जाए, 18 तारीख को उद्धव ठाकरे और पार्टी के कार्यकर्ता हर जगह से आएंगे.”

उन्होंने आगे कहा कि सबको हम निमंत्रण दे रहे हैं. हम देवेंद्र फडणवीस को भी निमंत्रण देंगे. हम आरएसएस के पदाधिकारी से भी बात करेंगे. कांग्रेस और एनसीपी के नेता को हम बुलाएंगे. ये कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, एक धार्मिक कार्यक्रम है.

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए संजय राउत ने कहा, “राम मंदिर चढ़ावा चोरी के खिलाफ एक शब्द बोलने की आपकी हिम्मत है क्या.”

Leave a Comment