आजमगढ़ ब्यूरो:: आजमगढ़ की बुढ़नपुर तहसील के अंतर्गत शिक्षा क्षेत्र कोयलसा के उच्च प्राथमिक विद्यालय भैरोपुर में गुरुवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा निर्मित दो नए कक्षों एवं आधुनिक स्मार्ट क्लास का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव, खंड शिक्षा अधिकारी पंकज मौर्य तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट क्लास और नए कक्षों के निर्माण से विद्यालय में बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और अधिक प्रभावी बनेगी तथा सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव ने कहा, “प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई का अवसर मिलेगा। अब सरकारी विद्यालय किसी भी मामले में कॉन्वेंट विद्यालयों से पीछे नहीं हैं।”खंड शिक्षा अधिकारी पंकज मौर्य ने कहा, “बेसिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। विद्यालयों में आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि छात्र-छात्राएं नई तकनीक के साथ बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें और उनका सर्वांगीण विकास हो।”कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।इस दौरान नागेंद्र दुबे, मनोज दुबे, महेश सिंह, ग्राम प्रधान मुन्ना, हरिलाल प्रजापति, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया और विद्यालय में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की।
आजमगढ़:उच्च प्राथमिक विद्यालय भैरोपुर में नवनिर्मित कक्षों व स्मार्ट क्लास का हुआ लोकार्पण
