हरदोई : वरिष्ठ पत्रकार विनोद कुमार कुशवाहा पर हुए हमले के बाद गिरफ्तार नहीं हुए अपराधी ? सामाजिक संगठन ने उठाई आवाज

हरदोई के सवायजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुआंडाडी निवासी वरिष्ठ पत्रकार विनोद कुमार कुशवाहा पर गांव के ही दबंगों ने उनके घर में घुसकर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। जब पत्रकार के परिजन उन्हें बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी जमकर पीटा। गंभीर रूप से घायल विनोद कुशवाहा को पहले मेडिकल कॉलेज हरदोई भेजा गया, जहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।

इस घटना पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन हरदोई ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आमिर किरमानी और जिलाध्यक्ष दिवाकर मिश्रा ने आरोप लगाया है कि सवायजपुर पुलिस राजनीतिक संरक्षण में पल रहे इन हमलावर दबंगों को गिरफ्तार करने में विफल रही है।

एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि हमलावरों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए और घायल पत्रकार विनोद कुशवाहा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। एसोसिएशन ने पत्रकार पर हमला करने वाले अभियुक्तों को संरक्षण देने वाले राजनीतिक व्यक्तियों को भी सचेत करते हुए कहा है कि वे सोच-समझकर ऐसे दबंगों का साथ दें, अन्यथा एसोसिएशन उनके विरुद्ध भी विरोध प्रदर्शन करेगी।

Leave a Comment