रायबरेली:अलीगंज डेहवा के ग्राम प्रधान पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, सड़क की ईंटें निकालकर निजी निर्माण में इस्तेमाल करने का दावा

रायबरेली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जुलाई 2026 जनपद के अलीगंज डेहवा ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान शत्रोहन मौर्य पर ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क निर्माण कराने के बजाय पुरानी खड़ंजा सड़क की ईंटें निकलवाकर उनका उपयोग निजी निर्माण कार्य में किया जा रहा है।

ग्रामीण राम गोपाल का आरोप है कि सीमेंटेड सड़क से ईंटें निकलवाकर उन्हें ग्राम प्रधान अपने घर ले गए। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्यों को लेकर पूर्व में भी जांच हुई थी, जिसमें कथित रूप से लाखों रुपये की अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बावजूद संबंधित मामलों में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि ग्राम प्रधान के विरुद्ध अन्य मामलों में भी शिकायतें और न्यायालय में प्रकरण लंबित हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। कुछ ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि ग्राम प्रधान के खिलाफ पूर्व में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम से संबंधित मामला भी दर्ज हो चुका है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment