फर्रुखाबाद:डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर जिले में भाजपा का आयोजन, पुष्पांजलि के साथ हुआ वृक्षारोपण और संगोष्ठियां

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2026 भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के विभिन्न मंडलों, शक्ति केंद्रों और बूथों पर भाजपा द्वारा पुष्पांजलि, संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया।

भोजपुर विधानसभा के जहानगंज मंडल स्थित रामाधार कोल्ड स्टोरेज में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, जिला मंत्री शिव मोहन सिंह, मंडल अध्यक्ष अनुज कटियार सहित मंडल पदाधिकारियों ने वृक्षारोपण किया और डॉ. मुखर्जी के जीवन पर अपने विचार व्यक्त किए।

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे, जिन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा जनपद के सभी बूथों एवं शक्ति केंद्रों पर उनकी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। साथ ही “एक पेड़, एक संकल्प” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी अखंड भारत के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर तत्कालीन नीतियों का विरोध किया और जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के उद्देश्य से बिना परमिट कश्मीर में प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

मंडल अध्यक्ष अनुज कटियार ने भी डॉ. मुखर्जी के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद कटियार, मंडल उपाध्यक्ष कंचन श्रीवास्तव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसी क्रम में मोहम्मदाबाद दक्षिणी मंडल के नदसा शक्ति केंद्र स्थित बूथ संख्या-60 पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष शैलेश मिश्रा सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं कायमगंज के सीपी गेस्ट हाउस में आयोजित संगोष्ठी में पूर्व विधायक अमर सिंह खटीक ने कहा कि डॉ. मुखर्जी एक सच्चे राष्ट्रसेवक थे, जिन्होंने राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील चक ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे, जिनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा।

कार्यक्रम में कायमगंज ग्रामीण मंडल अध्यक्ष महेंद्र राजपूत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण दुबे, अशोक वर्मा, अमर गुप्ता, शिवांश तिवारी, सागर दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment