** मछरेहटा, सीतापुर। कस्बा मछरेहटा में आयोजित दसवां ताजिया मेला इस वर्ष भी पारंपरिक उत्साह, सहित आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आयोजन में सहभागिता की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।दसवां ताजिया मेले के आयोजन में ताजिया कमेटी के अध्यक्ष जमीला किन्नर, उपाध्यक्ष जावेद खान, मेला कमेटी अध्यक्ष सुलेमान काजी, असलम तथा मछरेहटा मोहल्ला काजियारा के अन्य गणमान्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कार्य समिति सदस्य नूर आलम और मिराज अंसारी सहित कमेटी के अन्य सदस्यों ने मेले के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।मेले के दौरान विभिन्न स्थानों से आए ताजियों ने आकर्षण का केंद्र बनकर लोगों का ध्यान खींचा। मेले में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की भी अच्छी खासी मौजूदगी रही।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना मछरेहटा के थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश वर्मा, उपनिरीक्षक नासिर खान, राजेंद्र प्रसाद चौधरी तथा पुलिस बल के अन्य जवान पूरे समय मेले में मौजूद रहे। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का कुशल संचालन करते हुए यह सुनिश्चित किया कि किसी भी मेला देखने आए लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।पुलिस प्रशासन की सतर्कता और ताजिया कमेटी के सहयोग से मेला शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।उल्लेखनीय है कि मछरेहटा का दसवां ताजिया मेला क्षेत्र का एक ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध आयोजन है, जिसमें प्रतिवर्ष दूर-दराज के गांवों और शहरों से हजारों की संख्या में लोग शामिल होते हैं। यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल भी प्रस्तुत करता है।
सीतापुर:मछरेहटा में दसवां ताजिया मेला श्रद्धा और सौहार्द के साथ संपन्न, उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़
