कासगंज, 06 जुलाई 2026। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश एवं जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह के आदेशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सहायक आयुक्त (खाद्य)-II श्री कुलदीप सिंह के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई की।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आनंद कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री गौरी शंकर सिंह द्वारा शिवपुरी कॉलोनी, सहावर गेट, गली नंबर-2, कासगंज स्थित वैभवी फूड्स पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में 62 कार्टनों में रखे लगभग 1,488 किलोग्राम सॉस में मिलावट की आशंका पाए जाने पर मौके से सॉस के दो नमूने जांच हेतु संग्रहित कर खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान शेष लगभग 967 किलोग्राम सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत ₹37,000 है, को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कासगंज : मिलावटी सॉस के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 967 किग्रा सॉस सीज
