कानपुर पुलिस को बड़ी सफलता: 6 चोरी की मोटरसाइकिलों सहित 3 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

कानपुर नगर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जुलाई 2026 थाना अरौल पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को तड़के करीब 4 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि बिजनौर रोड पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे तीन संदिग्ध युवक एक मोटरसाइकिल के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना अरौल पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वे मोटरसाइकिल के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्नौज निवासी रविशंकर कुशवाहा, गोविंद सक्सेना और देव सक्सेना के रूप में हुई। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के खड़ैचा-देविनपुरवा संपर्क मार्ग के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। इस तरह पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें बेचने की योजना बनाते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गोविंद सक्सेना के विरुद्ध चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं तथा वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment