फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जुलाई 2026 नगर के मोहल्ला काजीटोला स्थित चेयरमैन जोया शाह के आवास पर रविवार को दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों के लिए ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूखी ने लगभग आधा दर्जन दिव्यांग एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को ट्राई साइकिलें वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सहयोग प्रदान किया।
ट्राई साइकिल प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने इस सहयोग के लिए चेयरमैन प्रतिनिधि और नगर पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनके दैनिक आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर नदीम अहमद फारूखी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पात्र दिव्यांगों और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिक एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए एक सराहनीय कदम बताया।
