लखीमपुर खीरी : ट्रेन की चपेट मे आने से गोवंश की मौत, कई घंटे ट्रैक किनारे पड़ा रहा मृत गोवंश

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) गोला गोकर्णनाथ के कुंधवा रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार को रात लगभग 11:00 बजे डालीगंज–मैलानी पैसेंजर ट्रेन संख्या 55088 की चपेट में आने से एक गोवंश की मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों ने मृत गोवंश को हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की, जिसके चलते कई घंटे तक शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा रहा। घटना की जानकारी मिलने पर भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने तत्काल गोला पुलिस चौकी प्रभारी सुनील तिवारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने स्टेशन मास्टर से इस संबंध में बात की तो स्टेशन मास्टर ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल स्टेशन परिसर तक सीमित है तथा ट्रैक संबंधी मामलों के लिए अन्य विभागों से संपर्क करना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि रेलवे में अलग-अलग विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। गोला नगर पालिका की टीम और जेसीबी की मदद से गोवंश का अंतिम संस्कार कराया गया। जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया रेलवे अधिकारियों की लापरवाही के कारण मृत गोवंश कई घंटे तक ट्रैक के किनारे पड़ा रहा। जब उन्होंने संबंधित रेलवे अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, तब उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। भारतीय बजरंग दल ने इस पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो और किसी भी दुर्घटना के बाद तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment