फर्रुखाबाद:केले के खेत में गोवंश अवशेष मिलने के मामले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त छुरियां बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2026 कोतवाली कायमगंज पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार छुरियां, एक रस्सी, दो अवैध देशी तमंचे तथा तीन जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को कायमगंज क्षेत्र के ग्राम कटरा रहमत खां स्थित केले के खेत में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस एवं पशु चिकित्साधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक परीक्षण के बाद नमूने सुरक्षित कराए गए। उपनिरीक्षक अरविंद कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान रफीक अहमद उर्फ राजू, सिमरती उर्फ पच्चू, गुड्डू उर्फ सलीम खां तथा चांद मियां उर्फ चांद के नाम प्रकाश में आए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चौथा आरोपी अभी फरार है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि फरार आरोपी चांद मियां ने पहले से गोवंश की पहचान कर रखी थी। इसके बाद सभी ने मिलकर गोवंश का वध किया और मांस को बोरे में भरकर ले गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मूल मुकदमे में पशु क्रूरता अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, दो बड़ी और दो छोटी छुरियां तथा घटना में प्रयुक्त रस्सी बरामद हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सिमरती उर्फ पच्चू के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम का पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी वर्तमान प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment