फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2026 राज्य सरकार की स्मार्ट पुलिसिंग पहल के तहत कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली एक महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के कंगन और 6,36,150 रुपये नगद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर की गई।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्री अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कोतवाली फर्रुखाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 128/2026, धारा 123/305 बीएनएस में वांछित महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की रकम और जेवर बरामद किए गए हैं।
क्या था मामला
22 जून 2026 को कूंचा भवानी दास निवासी प्रशांत वर्मा ने कोतवाली फर्रुखाबाद में तहरीर देकर बताया कि एक महिला ने उनकी पत्नी को नशीला पदार्थ पिलाकर घर में रखे जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उस पर काफी कर्ज हो गया था। आर्थिक तंगी के चलते उसने प्रशांत वर्मा के घर जाकर उनकी पत्नी को कोल्ड ड्रिंक में अल्फ्राजोलम 0.5 टैबलेट मिलाकर पिला दी। महिला के बेहोश होने के बाद उसने अलमारी में रखे जेवर चोरी कर लिए।
आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए जेवरों को गलवाकर सर्राफा बाजार स्थित एक रिफाइनरी से टंच करवाया और बाद में अलग-अलग दुकानों पर बेचकर नकद धनराशि प्राप्त की। उसने दो कंगन अपने पास बचाकर रख लिए थे।
बरामदगी
दो कंगन (पीली धातु), ₹6,36,150 नगद
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह गहलोत, उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, कांस्टेबल ईशु कुमार, महिला कांस्टेबल कुसुमा, महिला कांस्टेबल निशा
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
