फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2026 लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद फर्रुखाबाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटर, होटल, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया।
सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, अग्निशमन विभाग तथा नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रमुख शिक्षण एवं व्यावसायिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान जेएनवी रोड स्थित कोचिंग सेंटर, भोलेपुर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट, अचार्य इंस्टीट्यूट, स्वरूप इंस्टीट्यूट, गो सिक्सटी नाइन, विशाल मेगा मार्ट, वी-मार्ट, स्पा सेंटर सहित कई प्रतिष्ठानों की फायर सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर फायर सेफ्टी मानकों में गंभीर खामियां पाई गईं। अधिकांश संस्थानों के संचालक भवन का स्वीकृत नक्शा तथा अग्निशमन विभाग से जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके अलावा कई प्रतिष्ठानों में आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं अन्य सुरक्षा मानकों में भी कमी पाई गई।
अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जल्द से जल्द सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियां दूर नहीं किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनपद में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
