फर्रुखाबाद:प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान बनें आत्मनिर्भर, अमृतपुर के भुसेरा में आयोजित हुई एक दिवसीय कार्यशाला

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जून 2026 किसान समृद्धि, प्राकृतिक खेती और स्वस्थ भविष्य के संकल्प के साथ ग्राम भुसेरा, विकासखंड अमृतपुर में एक दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में क्षेत्र के किसान भाइयों एवं कृषक माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा मिट्टी की उर्वरता, फसल की गुणवत्ता और किसानों की आय में वृद्धि के प्रति जागरूक करना था। वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल खेती की लागत कम करती है, बल्कि मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद वर्मा, मुख्य अतिथि एवं पूर्व निदेशक शोध डॉ. एच.जी. प्रकाश (चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय), मृदा वैज्ञानिक डॉ. खलील खान, मौसम विशेषज्ञ एस.एन. सुनील पांडे, सीनियर रिसर्च साइंटिस्ट डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह परिहार तथा श्री प्रज्ञात सिंह परिहार सहित अनेक कृषि विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों, मिट्टी की सेहत सुधारने के उपायों, जल संरक्षण, मौसम आधारित खेती तथा जैविक उत्पादों के बढ़ते बाजार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर आत्मनिर्भर खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कई प्रगतिशील किसानों एवं कृषक महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। आयोजकों ने कहा कि किसानों का सम्मान करना समाज के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है, क्योंकि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा की रीढ़ हैं।

कार्यशाला का समापन किसानों की समृद्धि, मिट्टी की बेहतर सेहत, आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था तथा आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment