फर्रुखाबाद: में विकसित होंगे आधुनिक वेंडिंग जोन और मॉडल शॉप, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जून 2026 जनपद में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्ट्रीट वेंडरों को सुव्यवस्थित व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरी सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फतेहगढ़ एवं फर्रुखाबाद नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेंडिंग जोन एवं मॉडल शॉप विकसित किए जाने की संभावनाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले फतेहगढ़ स्थित कैंट क्षेत्र, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि इस क्षेत्र को सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही सुरक्षा और सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के किनारों पर रेलिंग लगाने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी मिशन कंपाउंड के सामने पहुंचे, जहां संचालित स्ट्रीट वेंडरों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी वेंडरों का सर्वेक्षण कर उनकी पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नवयुग योजना के अंतर्गत यहां मॉडल शॉप विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान के सामने स्थित भूमि का भी निरीक्षण किया और वहां स्ट्रीट वेंडरों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल शॉप विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे वेंडरों को सुरक्षित, स्वच्छ और स्थायी व्यापारिक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी लाल सराय क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने नजूल भूमि का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस भूमि का समुचित उपयोग करते हुए यहां मल्टीलेवल पार्किंग विकसित की जाए तथा सब्जी विक्रेताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेंडिंग जोन स्थापित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, अतिक्रमण की समस्या कम होगी तथा नागरिकों और स्ट्रीट वेंडरों दोनों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित परियोजनाओं की कार्ययोजना समयबद्ध तरीके से तैयार कर गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ उनका शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment