CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, अब डेटा और तकनीक से होगा सड़कों का रख-रखाव, धूल-मुक्त होगी दिल्ली

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार (8 जून) को बड़ा ऐलान किया. दिल्ली की सड़कों का अब डेटा और तकनीक से रख-रखाव होगा. दिल्ली सरकार राजधानी को धूल-मुक्त बनाने की तैयारी कर रही है. सीएम ने कहा, “उनकी सरकार शहर की सड़कों के बेहतर रखरखाव के लिए विशेषज्ञ निकायों के सहयोग से एक ‘सड़क परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली’ विकसित कर रही है.”

दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने राजधानी की सड़कों को अधिक सुरक्षित, टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान और योजना तथा वास्तुकला विद्यालय (एसपीए) के साथ समौझता किया है. सीएम रेखा गुप्ता ने एक बयान में कहा, “बढ़ते यातायात, वायु प्रदूषण और जलभराव जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अब सड़कों का रखरखाव पारंपरिक नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और डेटा-आधारित प्रणाली से किया जाएगा.” उन्होंने कहा, “बढ़ते शहरीकरण और यातायात भार को देखते हुए दिल्ली पहली बार ‘सड़क परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली’ विकसित कर रही है.

इसके माध्यम से राजधानी की सड़कों की वर्तमान स्थिति, उनपर पड़ने वाले यातायात के दबाव, उनकी संरचनात्मक क्षमता, मरम्मत की आवश्यकता और उनकी उपयोग अवधि का वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा, “इस प्रणाली के अंतर्गत सड़कों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, उनकी स्थिति का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा तथा प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और रखरखाव की योजना बनाई जाएगी.”

Leave a Comment