फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जून 2026 फिट इंडिया मूवमेंट और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा फर्रुखाबाद द्वारा विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में विशाल साइकिल रैली एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) फर्रुखाबाद के तत्वावधान में किया गया, जिसमें 200 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश श्री नीरज कुमार ने फतेहगढ़ से रेड क्रॉस का ध्वज दिखाकर किया, जबकि फर्रुखाबाद से निकलने वाली रैली का वर्चुअल उद्घाटन भी उन्होंने ही किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों और युवाओं को संबोधित करते हुए नियमित साइकिल चलाने के शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में साइकिल की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए सभी को पर्यावरण-मित्र गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिला जज श्री संजय कुमार एवं सिविल जज/सचिव डीएलएसए श्रीमती बिंदिया भटनागर ने भी प्रतिभागियों को गर्मी के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी। साथ ही बच्चों को लस्सी एवं पानी की बोतलें वितरित कर मानवता और सेवा भावना का परिचय दिया।
रैली में कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ से 150 छात्र एवं 21 होमगार्ड जवान तथा चौक फर्रुखाबाद से 50 छात्राओं ने रेड क्रॉस स्वयंसेवकों के साथ भाग लिया। प्रतिभागी पूरे उत्साह के साथ “साइकिल चलाएं, प्रदूषण घटाएं, स्वास्थ्य बचाएं” और “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ आगे बढ़े। रैली का समापन रेड क्रॉस भवन, आवास विकास पर हुआ।
समापन स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जहां प्रतिभागियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसके साथ ही सभी को “फिट इंडिया शपथ” दिलाकर स्वास्थ्य एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प कराया गया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के उप सभापति शीश मेहरोत्रा, कोषाध्यक्ष कौशल्या गिरी, अजय प्रताप, आकाश, दीपक अग्निहोत्री, डॉ. नवनीत, अमित सक्सेना, गौरव धवन, भावना गुप्ता, मुदित टंडन सहित जूनियर एवं यूथ रेड क्रॉस के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
रेड क्रॉस सोसाइटी के उप सभापति शीश मेहरोत्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से फर्रुखाबाद को “साइकिल फ्रेंडली सिटी” बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम आगे बढ़ेंगे।
