फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2026 थाना राजेपुर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म एवं धमकी देने के गंभीर मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना राजेपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 60/2026, धारा 70(1), 115(2) एवं 351(2) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त अजीत कुमार पुत्र दल सिंह निवासी ग्राम दारापुर, थाना राजेपुर, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री हरीश चंदर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने 14 अप्रैल 2026 को थाना राजेपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह जमापुर बाजार घरेलू सामान लेने जा रही थी। रास्ते में अजीत कुमार और उसके अन्य साथी कार में मिले। परिचित होने के कारण वह उनकी कार में बैठ गई। आरोप है कि रास्ते में उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद आरोपी उसे एक होटल में ले गए, जहां जबरन शराब पिलाकर अजीत कुमार तथा उसके साथी संजय पुत्र नरसिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी संजय के साथ मिलकर युवती के साथ गलत कार्य करने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने यह भी कहा कि वह अपने बयान न्यायालय के समक्ष अधिवक्ता के माध्यम से प्रस्तुत करेगा।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास इसी मुकदमे तक सीमित है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, मुकेश कुमार, वंश कुशवाहा तथा शशांक पाण्डेय शामिल रहे।
पुलिस द्वारा मामले में अन्य आरोपियों की तलाश एवं अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।
