फर्रुखाबाद:लिंक एक्सप्रेसवे के कटों पर जमीनें नहीं छोड़ी गईं तो होगा बड़ा आंदोलन: भाकियू टिकैत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जून 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रतिनिधिमंडल और यूपीडा (UPEIDA) अधिकारियों के बीच प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों की समस्याओं, भूमि अधिग्रहण से जुड़ी आशंकाओं और एक्सप्रेसवे के कटों पर ली जा रही अतिरिक्त जमीनों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक में जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह एवं एसडीएम सदर गजराज सिंह यादव मौजूद रहे, जबकि यूपीडा की ओर से परियोजना अधिकारी नागेंद्र शर्मा ने भाग लिया। किसान प्रतिनिधियों ने एक्सप्रेसवे निर्माण से संबंधित विभिन्न समस्याओं और किसानों में व्याप्त भ्रांतियों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

भाकियू टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि एक्सप्रेसवे के कटों पर आवश्यकता से अधिक भूमि का अधिग्रहण किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि कटों को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की तर्ज पर समानांतर बनाया जाए तथा किसानों की अतिरिक्त जमीनें छोड़ी जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अधिग्रहित भूमि का मुआवजा सामान्य दरों के बजाय व्यावसायिक दरों पर दिया जाना चाहिए।

अरविंद शाक्य ने किसानों को मानसिक क्षतिपूर्ति दिए जाने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि किसानों का अपनी जमीनों से भावनात्मक और पारिवारिक जुड़ाव होता है, इसलिए केवल आर्थिक मुआवजा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और कटों पर अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण बंद नहीं हुआ, तो भारतीय किसान यूनियन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।

बैठक के दौरान जिला प्रशासन और यूपीडा अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर ही आगे बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों ने किसान यूनियन द्वारा सौंपे गए मांग पत्र को यूपीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को भेजकर समस्याओं के समाधान का प्रयास करने का भरोसा दिया।

बैठक के बाद किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।

इस अवसर पर जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, रामनरेश यादव, नवाबगंज ब्लॉक अध्यक्ष अंकेश गंगवार, सत्यप्रकाश विशेन, भूपेंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Comment