फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जून 2026 जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कादरीगेट पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल छीनने की घटनाओं में शामिल तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन, एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री हरीश चंदर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के अंतर्गत की गई।
थाना कादरीगेट में दर्ज मुकदमा संख्या 127/2026 के तहत वादी पवन कुमार पुत्र उदयभान सिंह निवासी कुइया रोड, थाना मऊदरवाजा द्वारा 2 जून 2026 को तहरीर दी गई थी कि देवरामपुर क्रॉसिंग के पास बाइक सवार अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना और वाहन चेकिंग अभियान के तहत थाना कादरीगेट पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने तीन बाल अपचारियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक एप्पल आईफोन-15, एक रियलमी मोबाइल फोन, एक 315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में बाल अपचारियों ने स्वीकार किया कि वे तीनों आपस में दोस्त हैं और मोटरसाइकिल से राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनकर उन्हें बेच देते थे। बिक्री से प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते थे। उन्होंने यह भी बताया कि बरामद रियलमी मोबाइल फोन 20 मई 2026 को नेकपुर पुल क्षेत्र से एक राहगीर से छीना गया था। अपनी सुरक्षा के लिए वे तमंचा साथ रखते थे।
बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। गिरफ्तार बाल अपचारियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफलता में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार कश्यप, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक संत कुमार एवं उनकी टीम, कांस्टेबल लवी चौधरी, अमित सैनी, अभिषेक चाहर और डोरीलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
