फर्रुखाबाद में 01 और 02 जून को ऑरेंज अलर्ट: तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जून 2026 भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में 01 जून से 03 जून 2026 की सुबह तक तेज आंधी, गरज-चमक, वज्रपात एवं वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनपदवासियों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग ने 01 एवं 02 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 01 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि झोंकों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं 02 जून को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। दोनों दिनों में गरज-चमक, वज्रपात और वर्षा की संभावना बनी हुई है।

जनजीवन और कृषि पर पड़ सकता है असर

प्रशासन के अनुसार तेज आंधी और बारिश से कच्चे एवं कमजोर मकानों को नुकसान पहुंच सकता है। पेड़, टहनियां, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरने की आशंका है, जिससे विद्युत आपूर्ति एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

कृषि क्षेत्र में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। गन्ने की फसल गिरने की संभावना है, जबकि मक्का, दलहन और अन्य खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बागवानी एवं सब्जी फसलों पर भी तेज हवाओं का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।

प्रशासन की सलाह: सुरक्षित स्थानों पर रहें

जिला प्रशासन ने नागरिकों को आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित पक्के भवनों में रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। लोगों से टॉर्च, बैटरी, प्राथमिक उपचार किट और आवश्यक दवाइयां तैयार रखने को भी कहा गया है।

वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और जल स्रोतों के पास जाने से बचने की अपील की गई है। साथ ही घर में लगे विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने की सलाह दी गई है।

किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह

कृषि विभाग ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करने, खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है। गन्ने की फसल को बांधने और मिट्टी चढ़ाने जैसे कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया है।

अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम रहेगा सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार से पांच दिनों तक फर्रुखाबाद और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में नागरिकों से लगातार सतर्क रहने और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करने की अपील की गई है।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपदवासियों से कहा है कि मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग अथवा नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना दें।

मौसम संबंधी त्वरित जानकारी के लिए नागरिक मौसम ऐप, मेघदूत ऐप एवं दामिनी ऐप का उपयोग कर सकते हैं।

Leave a Comment