फर्रुखाबाद:दिव्यांग काउंटर पर कर्मचारी न मिलने से भड़के भाजपा नगर मीडिया प्रभारी, सीएमओ पर लगाए गंभीर आरोप

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल फतेहगढ़ में दिव्यांगों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा नगर मीडिया प्रभारी राहुल राठौर ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को राहुल राठौर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दिव्यांग काउंटर तो शुरू कर दिया गया है, लेकिन वहां कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके चलते दिव्यांग मरीजों को सामान्य लाइन में लगकर पर्चा बनवाना पड़ रहा था।

राहुल राठौर स्वयं भी एक दिव्यांग व्यक्ति हैं। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लेने के बाद सीएमएस कार्यालय पहुंचकर शिकायत करनी चाही, लेकिन काफी देर तक वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिला। बाद में अधिकारियों से मुलाकात होने पर उन्होंने दिव्यांग काउंटर पर कर्मचारी न होने की जानकारी दी। आरोप है कि सीएमएस ने उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भेजकर पर्चा बनवाने की बात कही।

राहुल राठौर ने बताया कि उन्होंने कई बार मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के सीयूजी नंबर पर फोन मिलाया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सीयूजी नंबर शासन द्वारा आपातकालीन और गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए जारी किए जाते हैं, ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों का फोन न उठाना बेहद गंभीर मामला है।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि दिव्यांग काउंटर पर हर समय कर्मचारी की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि दिव्यांगों को लाइन में लगकर परेशान न होना पड़े। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि सीएमएस दोपहर 2 बजे से पहले कार्यालय न छोड़ें और अस्पताल में व्यवस्थाएं बेहतर बनाई जाएं।

राहुल राठौर ने कहा कि शासन की छवि खराब करने वाले ऐसे अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आम जनता और दिव्यांगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Comment