फर्रुखाबाद:भाकियू टिकैत ने किया एसडीएम अमृतपुर का घेराव, किसानों ने लिंक एक्सप्रेसवे के बैनामों का किया विरोध

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) संगठन द्वारा शुक्रवार को एसडीएम अमृतपुर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के नाम पर किसानों की जमीनों का अधिग्रहण बिना सहमति और नियमों का पालन किए किया जा रहा है।

भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने बताया कि 28 मई को एसडीएम अमृतपुर राजेन्द्रनाथ कटियार के पेट्रोल पंप की नापी करने पहुंचे थे, जबकि पहले उनसे वार्ता हुई थी और उन्होंने अपनी माता की खराब तबीयत तथा ब्लड व्यवस्था में व्यस्त होने की जानकारी दी थी। इसके बावजूद प्रशासनिक टीम लेखपाल और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई और नापी शुरू कर दी।

इस दौरान तहसील अध्यक्ष सोनू सोमवंशी ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया, जिसके बाद एसडीएम अमृतपुर को वहां से वापस लौटना पड़ा। घटना के विरोध में जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने एसडीएम अमृतपुर के घेराव का आह्वान किया।

धरना प्रदर्शन के दौरान अजय कटियार ने कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना में किसानों को ठगा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2013 भूमि अधिग्रहण कानून के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। किसानों को न तो उचित नोटिस दिए जा रहे हैं और न ही वाणिज्यिक दरों पर बैनामे किए जा रहे हैं। साथ ही किसानों को मानसिक क्षतिपूर्ति का लाभ भी नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों से सहमति पत्र भरवाए जा रहे हैं लेकिन उन्हें दस्तावेज दिखाए तक नहीं जा रहे। उन्होंने उन किसानों से अपील की जो बैनामा कर चुके हैं कि वे जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मानसिक क्षतिपूर्ति की मांग करें, अन्यथा बैनामा निरस्त किया जाए।

अजय कटियार ने कहा कि यूपीडा द्वारा लिंक एक्सप्रेसवे में बनाए जा रहे बड़े कट पूर्व की भांति सड़क के समानांतर बनाए जाएं। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता तब तक किसान बैनामा कराने न जाएं।

धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता सुशील दीक्षित ने की जबकि संचालन गोपी शाक्य ने किया।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, पूर्व मंडल सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, जिला कोषाध्यक्ष विमलेश शाक्य, ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम सिंह, संजीव सोमवंशी, अशोक यादव, जिला महासचिव अभय यादव, संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Comment