हरदोई:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 जनपद के डीएम चौराहे पर स्थापित राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ को लेकर मौर्य, कुशवाहा, शाक्य और सैनी समाज के लोगों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी चिंता जाहिर की। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट कहा कि अशोक स्तंभ को किसी अन्य स्थान पर स्थायी रूप से स्थानांतरित करना समाज स्वीकार नहीं करेगा।
समाज के लोगों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि पूर्व में स्थानीय विधायक एवं मंत्री नितिन अग्रवाल द्वारा चौराहे पर किसी अन्य महापुरुष की प्रतिमा लगाने संबंधी बयान सामने आया था, जिससे समाज में आक्रोश फैल गया। प्रतिनिधियों ने मांग की कि अशोक स्तंभ को उसी स्थान पर पुनः स्थापित किया जाए।
इस पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने स्पष्ट किया कि सम्राट अशोक की लाट देश का गौरव और राष्ट्रीय प्रतीक है। इसे हटाकर किसी अन्य महापुरुष की प्रतिमा लगाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य प्रस्तावित है। कार्य पूर्ण होने के बाद अशोक स्तंभ को पुनः उसी स्थान पर स्थापित किया जाएगा जहां वह पहले स्थापित था।
जिलाधिकारी ने कहा कि तकनीकी और निर्माण कार्यों के चलते तुरंत पुनर्स्थापना संभव नहीं है, लेकिन प्रशासन की ओर से यह पूरी तरह स्पष्ट है कि अशोक स्तंभ को वहीं दोबारा स्थापित किया जाएगा।
बैठक के दौरान समाज के लोगों ने प्रशासन के इस आश्वासन का स्वागत किया और इसे संगठन की एकता एवं संघर्ष की जीत बताया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन ने जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक निर्णय लिया है।
बैठक में बड़ी संख्या में समाज के लोग, पत्रकार और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
