फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मई 2026 उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जनपद में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से 31 मई 2026 तक विशेष संतृप्ति अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों और बैंक शाखाओं में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां किसानों के नए केसीसी बनाए जाएंगे और पुराने खातों का नवीनीकरण किया जाएगा।जिला प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी कैंप शुरू होने से पहले गांव-गांव जाकर किसानों के आवेदन पत्र तैयार करवाएंगे और उन्हें कैंप में जमा कराने में सहायता करेंगे।जानकारी के अनुसार, 20 से 21 मई 2026 तथा 28 से 29 मई 2026 तक जनपद के सभी विकासखंड स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा अन्य कार्य दिवसों में जिले की सभी बैंक शाखाओं में भी केसीसी से संबंधित कैंप आयोजित होंगे।अभियान के दौरान जिन किसानों के केसीसी खाते ओवरड्यू या बकाया की स्थिति में हैं, उनसे बैंक अधिकारी सीधे संवाद कर खाते को नियमित कराने और देयता समाप्त करने के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। साथ ही किसानों को वित्तीय रूप से जागरूक भी किया जाएगा।कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर अपने केसीसी लोन का भुगतान करें, क्योंकि शासन की नीति के अनुसार समय से भुगतान करने पर ब्याज में विशेष छूट का लाभ मिलता है। वहीं देरी होने पर अतिरिक्त पेनाल्टी ब्याज देना पड़ सकता है।प्रशासन ने जनपद के सभी कृषकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी विकासखंड या संबंधित बैंक शाखा में आयोजित विशेष कैंप में आवश्यक दस्तावेज जैसे खतौनी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक के साथ पहुंचकर इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ ले।
फर्रुखाबाद:31 मई तक चलेगा केसीसी विशेष संतृप्ति अभियान, किसानों के लिए विकासखंड और बैंक शाखाओं में लगेंगे कैंप
