ईंधन और विदेशी मुद्रा की बचत के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए आह्वान के जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार (13 मई) दो उच्चस्तरीय बैठकों में विभिन्न उपायों की समीक्षा की और उसके अनुसार कुछ निर्णय घोषित किए. इसमें सबसे अहम मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या आधी कर दी गई.
दरअसल, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में कई बड़े फैसले लिए जो इस प्रकार हैं:
मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या तत्काल प्रभाव से आधी की जाए.
बाहरी दौरों के दौरान काफिले में निर्धारित संख्या से अधिक वाहन न हों, इसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस आयुक्त या पुलिस अधीक्षक की होगी.
मंत्री और अधिकारी किसी भी प्रकार के विदेश दौरे न करें.
मंत्री अत्यावश्यक स्थिति को छोड़कर सरकारी विमान और हेलिकॉप्टर का उपयोग न करें, बल्कि नियमित विमान सेवाओं का उपयोग करें.
मंत्री और अधिकारी मेट्रो आदि सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा दें. पहले चरण में कम से कम एक दिन इसका प्रयोग करें.
अधिकारियों को बैठकों के लिए बुलाने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकें आयोजित की जाएं.
सरकार द्वारा वितरित वाहनों की सख्ती से समीक्षा की जाए.
ऊर्जा बचत के लिए अनावश्यक होर्डिंग्स/फ्लेक्स पर कार्रवाई बढ़ाई जाए और वहां सजावटी लाइटिंग का उपयोग न हो, इसका ध्यान रखा जाए.
