फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मई 2026 जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में यातायात प्रभारी द्वारा नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए तथा क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले थ्री-व्हीलर टेंपो और ऑटो पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने कई टेंपो में लगाई गई अतिरिक्त सीटों को मौके पर ही कटवाकर हटवाया। साथ ही वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्धारित सीटों के अनुसार ही सवारियां बैठाने के निर्देश दिए गए।यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग और अवैध मॉडिफिकेशन से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 350 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 9 वाहनों को सीज कर दिया गया।पुलिस प्रशासन ने कहा कि जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा।
फर्रुखाबाद:नगर में चला सख्त वाहन चेकिंग अभियान, ओवरलोडिंग करने वाले 9 वाहन सीज
