फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 मई 2026 महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत थाना मऊदरवाजा पुलिस द्वारा क्षेत्र के विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।पुलिस टीम ने छात्रों को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता ली जा सकती है। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं अन्य महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस कर्मियों ने साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा अनजान लोगों से सतर्क रहने के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।विद्यालय प्रशासन एवं छात्रों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की सराहना की। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से छात्र-छात्राओं में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
फर्रुखाबाद: मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना मऊदरवाजा पुलिस ने छात्रों को किया जागरूक
