फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 मई 2026 मोहम्मदाबाद क्षेत्र की सिरौली ग्राम पंचायत के ग्राम पहाड़पुर में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की एक बड़ी किसान पंचायत एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं, अधिकारों और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई।
बैठक प्रदेश अध्यक्ष हरनाथ सिंह वर्मा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान के निर्देश पर आयोजित की गई। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला अध्यक्ष राममोहन दीक्षित और जिला प्रभारी हरिओम अग्निहोत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान एकजुट होकर ही अपने अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ सकते हैं। उन्होंने किसानों से संगठन को मजबूत करने और आपसी एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकट गुट के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) में शामिल हुए। जानकारी के अनुसार करीब 111 कार्यकर्ताओं ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। सभी नए सदस्यों का जिला अध्यक्ष राममोहन दीक्षित और जिला प्रभारी हरिओम अग्निहोत्री ने माला पहनाकर स्वागत किया।
बैठक में किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की और संगठन के माध्यम से उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
