फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मई 2026 जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे को लेकर किसानों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। किसानों की जमीनों के अधिग्रहण, सर्किल रेट में वृद्धि न होने, कटों पर अधिक भूमि लिए जाने तथा मकानों के समीप से एक्सप्रेसवे निकाले जाने के विरोध में 15 मई को जिला अधिकारी प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस आंदोलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम तेराखास, बिलालपुर और गांधी में किसान बैठकों का आयोजन किया गया।बैठकों का नेतृत्व जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने किया। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी और कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी भी मौजूद रहे।प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि वर्ष 2013 के बाद सांसदों और विधायकों के वेतन में कई बार वृद्धि हुई, लेकिन किसानों की जमीनों के सर्किल रेट आज तक नहीं बढ़ाए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान अपनी जमीनें वर्तमान दरों पर देने को तैयार नहीं हैं।कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने कहा कि 15 मई को पूरे जनपद से बड़ी संख्या में किसान जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि किसान अब अपने हक के लिए संघर्ष करने को तैयार हैं।जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद का किसान अब जागरूक हो चुका है और किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ फर्रुखाबाद के किसानों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता भी आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले पर राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत की भी नजर बनी हुई है और उनके मार्गदर्शन में किसानों की लड़ाई आगे बढ़ाई जाएगी।बैठक में जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, संजीव सोमवंशी, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, अमृतपुर तहसील अध्यक्ष अनीस सिंह, सोनू सोमवंशी, रामरूप, संजीव गंगवार, अजीत सोमवंशी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद:15 मई को डीएम कार्यालय पर किसानों का ऐतिहासिक आंदोलन, लिंक एक्सप्रेसवे के विरोध में जुटेंगे हजारों किसान
