फर्रुखाबाद:संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत के बाद राजेपुर में बवाल, पुलिस पर पथराव

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मई 2026 जनपद के थाना राजेपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आक्रोशित भीड़ और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद जमकर झड़प हुई। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में कई पुलिस वाहनों के शीशे टूट गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना में दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल और पीएचसी राजेपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।हालात बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त फोर्स बुला ली। मौके पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहित भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीण युवक की मौत की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।