फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन, 78 हजार से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मई 2026 जनपद में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माननीय जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय Jamshed Ali, पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना अधिकरण Santosh Kumar Tiwari सहित अनेक न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, वादकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग एवं प्रशासनिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण कराया गया। बैंक वसूली से जुड़े 409 मामलों का निस्तारण करते हुए बैंकों ने 6 करोड़ 4 लाख 71 हजार 500 रुपये की धनराशि वसूल की, जबकि विद्युत बिल से संबंधित 18,793 मामलों का भी सफल निस्तारण किया गया।

प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय Jamshed Ali द्वारा 41 पारिवारिक एवं वैवाहिक वादों का निस्तारण किया गया। इनमें से 5 दंपत्तियों को आपसी सुलह के बाद पुनः साथ रहने के लिए विदा किया गया। वहीं मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण के पीठासीन अधिकारी Santosh Kumar Tiwari ने 17 मामलों का निस्तारण किया। जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष Naresh Kumar द्वारा भी 3 मामलों का समाधान कराया गया।

लोक अदालत के दौरान जनपद के विभिन्न न्यायालयों एवं विभागों द्वारा कुल 82,604 मामलों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 78,736 मामलों का सफल निस्तारण हुआ। इस दौरान कुल 7 करोड़ 59 लाख 24 हजार 765 रुपये की धनराशि जमा कराई गई। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य से अधिक रही।

कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जजों, न्यायिक मजिस्ट्रेटों, ग्राम न्यायालय अधिकारियों, बैंक अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों एवं परा विधिक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर जिला उद्योग केन्द्र द्वारा “एक जनपद एक उत्पाद” एवं “एक जनपद एक व्यंजन” स्टॉल लगाए गए। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विशेष चिकित्सा शिविर और सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम के समापन पर जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार एवं नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।