फर्रुखाबाद:महाराणा प्रताप जयंती पर भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने किया प्रतिमा का अनावरण

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मई 2026 वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया और जनसभा को संबोधित किया।अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने महाराणा प्रताप के साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष और देशभक्ति की मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ऐतिहासिक महापुरुषों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक से पहले विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।कृषि विभाग द्वारा किसानों को ट्रैक्टर और रोटावेटर प्रदान किए गए, जबकि उद्योग विभाग ने 10 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को 51.90 लाख रुपये का रिवॉल्विंग फंड प्रदान किया गया।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, दिव्यांगजनों को हियरिंग मशीन और मुख्यमंत्री बाल सहायता योजना के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरित किए गए। श्रम विभाग की मातृत्व एवं शिशु हितलाभ योजना के तहत लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपये के चेक दिए गए।राजस्व विभाग की मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। साथ ही घरौनी प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच और नियमित निरीक्षण के भी निर्देश दिए।एनएचएआई की बेवर–फर्रुखाबाद सड़क परियोजना के अधूरे कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मंत्री ने शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं मडैयन घाट पुल के पहुंच मार्ग के लिए बाईपास सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विधानसभा वार विकास कार्यों की सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।कार्यक्रम में सांसद, विधायकगण, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।