फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अप्रैल 2026 जनपद में विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मोहम्मदाबाद क्षेत्र के उखरा में निर्माणाधीन 400/220/132 केवी विद्युत पारेषण केंद्र का आज जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। करीब 926.77 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जिले की बिजली व्यवस्था के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (पारेषण) ने जानकारी दी कि इस पारेषण केंद्र को 400 केवी की दो विद्युत लाइनों के जरिए बदायूँ तथा दो लाइनों के माध्यम से उरई (जालौन) से जोड़ा जा रहा है। परियोजना का निर्माण कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था, जिसमें 400 केवी स्तर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 220 केवी और 132 केवी स्तर के करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरे किए जा चुके हैं। शेष कार्य को 31 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद फर्रूखाबाद और कन्नौज जनपदों में बिजली आपूर्ति में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। इससे क्षेत्र में निर्बाध और सुदृढ़ विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे आम जनता और उद्योगों दोनों को लाभ मिलेगा।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और नियमित निगरानी के माध्यम से कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
फर्रुखाबाद: उखरा में बन रहा 926 करोड़ का मेगा पावर ट्रांसमिशन सेंटर, डीएम ने किया निरीक्षण
