फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अप्रैल 2026 “मिशन वात्सल्य” के अंतर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा बाल विवाह रोकथाम हेतु गठित जिला टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में बच्चों के संरक्षण, शिक्षा और अधिकारों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी और सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड और ग्राम स्तर पर गठित समितियों की नियमित बैठकें सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर जारी किया जाए और प्रत्येक त्रैमास में बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित हों। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को ब्लॉक स्तर की समितियों के लिए एक वर्ष का विस्तृत रोस्टर तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी नगर को श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग और प्रोबेशन विभाग के साथ संयुक्त टीम बनाकर सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) और स्पॉन्सरशिप योजना के लंबित आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें शीघ्र समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा।
शिक्षा के क्षेत्र में जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत सभी पात्र बच्चों के शैक्षिक प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से बनवाए जाएं। साथ ही जनपद के होटल, ढाबों और कारखानों में बाल श्रम की रोकथाम के लिए श्रम विभाग को लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
यातायात सुरक्षा को लेकर एआरटीओ को सख्त निर्देश दिए गए कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा वाहन चलाने, विशेषकर स्कूटी और ई-रिक्शा के संचालन पर कड़ी कार्रवाई की जाए और इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
बाल विवाह रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में मासिक गोष्ठियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने आमजन से अपील की कि बाल विवाह की सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा 112 या विभागीय सीयूजी नंबर 7518024057 पर दें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक को बाल विवाह रोकथाम से संबंधित दिशा-निर्देश जारी करने हेतु सर्कुलर जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर एवं कायमगंज, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एआरटीओ, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, संरक्षण अधिकारी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
