फर्रुखाबाद:जिला कारागार फतेहगढ़ में औचक निरीक्षण, बंदियों को दी गई विधिक सलाह और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अप्रैल 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के न्यायाधीश/सचिव श्री युगल शंभू द्वारा जिला कारागार फतेहगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके साथ लीगल एड डिफेंस काउंसिल के डिप्टी चीफ सुरेंद्र कुमार राणा भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने कारागार की विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बंदियों के लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त कर उन्हें आवश्यक विधिक परामर्श प्रदान किया। इस पहल से बंदियों को अपने मामलों की प्रगति समझने और कानूनी सहायता प्राप्त करने में मदद मिली।

इसके साथ ही न्यायाधीश ने कारागार परिसर स्थित पाठशाला का निरीक्षण कर बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को परखा और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कारागार प्रशासन को स्वच्छता और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के लिए सचेत किया।

निरीक्षण के क्रम में अस्पताल बैरक का भी जायजा लिया गया, जहां भर्ती बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। इस दौरान उपस्थित डॉक्टर नीरज कुमार को बंदियों के उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस मौके पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल डिप्टी चीफ सुरेंद्र कुमार राणा, असिस्टेंट प्रशांत गुप्ता, डिप्टी जेलर वैभव कुशवाहा तथा डॉक्टर नीरज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।