कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अप्रैल 2026 जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने थाना कोतवाली कन्नौज क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाया।
गश्त के दौरान अधिकारियों ने गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में मौजूद व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
प्रशासन की इस सक्रिय पहल से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
