फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अप्रैल 2026 विकासखंड मोहम्मदाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरगांव में आज मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत “नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोनिका यादव ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा ही महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने विद्यालय में चल रही शैक्षिक गतिविधियों की सराहना की और छात्रों को बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान कुंतेश यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें अतिथियों द्वारा सराहा गया।
अंत में सभी अतिथियों ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया तथा मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।
