फर्रुखाबाद:कायमगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस: विधायक डॉ. सुरभि ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अप्रैल 2026 कायमगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायिका डॉ. सुरभि ने आज तहसील कायमगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।

विधायिका डॉ. सुरभि ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को समयबद्ध तरीके से हल करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं, जिन पर मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, “जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान हमारी प्राथमिकता है। क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनकल्याण के लिए हम निरंतर प्रतिबद्ध हैं।”

सम्पूर्ण समाधान दिवस के इस आयोजन से क्षेत्रीय लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे समाधान की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।